
गाजियाबाद। राष्ट्रवादी संगठन ‘सैल्यूट तिरंगा’ द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित ‘अटल तिरंगा सम्मान-2025’ समारोह में गाजियाबाद की निर्भीक पत्रकार अपूर्वा चौधरी को सम्मानित किया जाएगा। यह भव्य कार्यक्रम 26 दिसंबर 2025 को एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर, नई दिल्ली में होगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश झा के नेतृत्व में देश भर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 30 विशिष्ट व्यक्तियों को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
अपूर्वा चौधरी दैनिक समाचार पत्र ‘भारत का बदलता शासन’ की समाचार संपादक हैं और एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन की अध्यक्ष भी। उनकी कलम भ्रष्टाचार, किसान व्यथा, प्रदूषण और प्रशासनिक लापरवाही जैसे मुद्दों पर बेबाकी से लिखती है। जुलाई 2025 में मधुबन बापूधाम पुलिस के कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ उन्होंने गाजियाबाद जिला मुख्यालय पर आमरण अनशन किया, जो पत्रकारों की गरिमा और न्याय की लड़ाई का प्रतीक बना। कई सामाजिक संगठनों ने उनका समर्थन किया।
सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय अपूर्वा स्वास्थ्य शिविर, महिला सशक्तिकरण और युवा संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित करती हैं। फिल्म ‘वनवास’ के विशेष शो से उन्होंने नैतिक जागरूकता फैलाई। बढ़ते प्रदूषण और निठारी में हुये बाल नरसंहार मामले में आरोपियों के बरी हो जाने के बाद से इस मुद्दे को भी प्रमुखता से उठा रही हैं।