
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के महानगर संयोजक अनुज मित्तल ने समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव के मस्जिद में साड़ी पहनकर जाने पर मौलाना साजिद रशीदी की टिप्पणी पर कहा कि मौलाना को देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बेहद घटिया शब्दों का इस्तेमाल करके मौलाना रशीदी ने अपनी घटिया सोच का परिचय दिया है। मौलाना की यह टिप्पणी उनके निम्न मानसिक स्तर को बता रही है। अनुज मित्तल ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि कानून इस मामले में कठोर कार्यवाही करेगा और इस मामले में ऐसी कार्यवाही होनी चाहिए जो पूरे देश के लिये नजीर बने और कोई भी व्यक्ति चाहे वो किसी भी धर्म को हो वो किसी भी महिला को लेकर बोलते समय अपनी वाणी को मर्यादित रखे।अनुज मित्तल ने कहा कि हम एक सभ्य समाज में रहते हैं। हम सांस्कृति विविधताओं से परिपूर्ण देश के निवासी हैं। महिलाओं और बच्चों का सम्मान तथा उनकी रक्षा करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सांसद डिंपल यादव पर अभद्र टिप्पणी करने वाले मौलाना को जल्द ही पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए और राजनीति में सार्वजनिक जीवन में इस तरह की अभद्रता को कोई स्थान नहीं होता।