
गाजियाबाद। राकेश मार्ग ए स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसाइटी स्थित श्री शिव बालाजी धाम मन्दिर में इस बार शिवरात्रि के अवसर पर विशेष पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार महादेव का अभिषेक गंगाजल के साथ साथ दूध, दही, शहद और इत्र से भी किया जाएगा। यह जानकारी श्री शिव बालाजी धाम मंदिर न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष मनवीर चौधरी ने दी है। उन्होंने बताया है कि मंदिर के पुजारी पं. राजीव मिश्रा विधि विधान से सभी भक्तों द्वारा महादेव की पूजा अर्चना करवाएंगे। मनवीर चौधरी ने बताया कि शिवरात्रि पर मन्दिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया जाएगा। प्रातः 5 बजे से ही मन्दिर पर पूजा और अभिषेक शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि सोसायटी के सभी भक्तों के सहयोग से शिवरात्रि पर खीर व ठंडाई का प्रसाद महादेव को भोग लगाने के बाद सभी भक्तों को वितरित किया जाएगा। श्रावण मास के बारे में बात करते हुए मनवीर चौधरी ने बताया कि यह पावन माह भगवान शिव की पूजा के लिए सबसे विशेष माना गया है। इस श्रावण मास में महादेव की सच्चे मन से पूजा करने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं महादेव पूरी अवश्य करते हैं।