गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष फैसल हुसैन एवं महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत नवनियुक्त जिला उपनिर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अंजनी कुमार सिंह से शिष्टाचार भेंट की।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इसमें विशेष रूप से मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नामांकन तथा पात्र नागरिकों के नाम सूची में सम्मिलित कराने जैसे मुद्दे शामिल रहे।
सपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव अत्यंत आवश्यक हैं और हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए। उन्होंने निर्वाचन व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा भी व्यक्त की।
जिला उपनिर्वाचन अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी प्रक्रियाएं निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएंगी तथा मतदाताओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
समाजवादी पार्टी ने आगामी चुनाव को देखते हुए संगठनात्मक तैयारियां तेज करने और अधिक से अधिक मतदाताओं को जागरूक करने का संकल्प भी दोहराया।