गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य सुरेश कश्यप ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत बृज विहार मंडल के वार्ड-21 सीमांचल विहार एवं वार्ड-68 रामप्रस्थ चंदन नगर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, स्वच्छ वायु उपलब्ध कराने तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनका संरक्षण करना हम सभी का दायित्व है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृत्व और प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक प्रेरणादायी प्रयास है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का आंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प भी ले। सामूहिक प्रयासों से ही हरित, स्वच्छ और समृद्ध भारत का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर स्थानीय भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे।