राष्ट्रीय जाट महासभा (भारत) द्वारा बुलंदशहर के शिकारपुर ब्लॉक स्थित गांव बरासऊ में एक संवाद बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों एवं महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से केंद्रीय सेवाओं में जाट आरक्षण के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सरोहा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा एक वर्ष बाद जाट आरक्षण समाप्त कर दिया गया, जिसके विरोध में अब संगठन गांव-गांव जाकर जन चेतना यात्रा शुरू करेगा और आरक्षण की लड़ाई को अंतिम दम तक लड़ा जाएगा।

राष्ट्रीय महासचिव अजय प्रमुख ने कहा कि राष्ट्रीय जाट महासभा केंद्रीय सेवाओं में जाट आरक्षण लेकर रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार केंद्रीय सेवाओं में आरक्षण नहीं देती है तो देश में आरक्षण को आर्थिक आधार पर लागू किया जाए, अन्यथा आरक्षण व्यवस्था समाप्त कर देनी चाहिए।
संवाद बैठक का संचालन प्रदेश अध्यक्ष रिशिपाल नैन ने किया। वहीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने किसान मोर्चे की घोषणा करते हुए संगठन में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा की और नियुक्ति पत्र वितरित किए।
बैठक में सोनीपत की श्रीमती आशा चौधरी को राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया। हापुड़ जिले से भानु सिद्धू को युवा जिलाध्यक्ष बनाया गया तथा बुलंदशहर जिले में संगठन की कमेटी का विस्तार किया गया।
कार्यक्रम में युवा प्रदेश अध्यक्ष मोहित मलिक, मेरठ मंडल युवा अध्यक्ष कपिल चौधरी, युवा प्रदेश सचिव शिव चौधरी, मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष अनुकूल चौधरी सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। वहीं किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर विनीत चौधरी की नियुक्ति की घोषणा भी की गई।