गाजियाबाद। राजकरन नैय्यर द्वारा थाना कोतवाली कार्यालय पर सर्किल कोतवाली एवं वेवसिटी के सभी चौकी प्रभारियों तथा हल्का प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।
इस गोष्ठी में सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली एवं सहायक पुलिस आयुक्त वेवसिटी भी उपस्थित रहे।

बैठक में पुलिसिंग को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को जनता से सीधे संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, नियमित गश्त करने तथा स्थानीय नागरिकों से बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में लंबित एनबीडब्ल्यू (Non-Bailable Warrants) की तामिली सुनिश्चित करने तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जनशिकायतों के समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया गया।
वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा उनके समाधान के लिए सीनियर सिटीजन सेल को और अधिक सक्रिय बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इसके अतिरिक्त महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता और सख्ती दोनों के साथ कार्य करने पर बल दिया गया। रात्रि गश्त को और अधिक सघन एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे रात्रि के समय होने वाले अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक मजबूत बनाना, अपराध नियंत्रण को प्रभावी करना तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं सहयोग का वातावरण तैयार करना रहा।